लावारिस लाशों को सम्मान ही भारद का मकसद

 जिले का एक सामाजिक संगठन जो करता है समाज हित में आंदोलन। किसी कार्रवाई का नहीं होता कोई खौफ लेकिन कर रहा ऐसा काम जिसे सुनकर एक बार लोगों को आश्चर्य होगा। संगठन के किसी सदस्य ने देखा तमसा में बहती लाश और बताया जिलाध्यक्ष को। मीटिंग हुई कि अब कोई लावारिस लाश नदी में नहीं फेंकी जाएगी। ऐसी लाशों का अंतिम संस्कार करेगा भारत रक्षा दल। आठ अगस्त से यह काम शुरू है। अब तक एक दर्जन लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार कर चुका है संगठन। संगठन के जिलाध्यक्ष कहते हैं कि इसके पीछे हमारी दो मंशा है। एक तो यह कि तमसा प्रदूषित होने से बचेगी और दूसरा यह कि लावारिस लाश की दुर्गति नहीं होगी।
इस संगठन ने जिले में वर्ष 1998 में काम शुरू किया। उस समय पता चला कि जिला चिकित्सालय में एक ऐसे घायल को भर्ती कराया गया है जो मंद बुद्धि है। संगठन ने उसके इलाज के साथ उसकी सेवा का निर्णय लिया। उस समय अस्थि रोग विशेषज्ञ थे डा. पीएन नाडर। नाडर ने भी संगठन के कार्य की प्रशंसा की और यथा संभव सहयोग भी किया। बच्चे की सेवा में आनाकानी पर संगठन के लोग एक चिकित्सक के घर पर रात में शिकायत लेकर पहुंच गए। उसके बाद से संगठन के लोगों का हौसला बढ़ा और काम करते गए।
पिछले वर्ष संगठन ने त्वरित सेवा समूह का गठन कर उसमें 40 सदस्यों को शामिल किया। इन सदस्यों की जिम्मेदारी यह कि अगर कहीं किसी कार्य में श्रम शक्ति की जरूरत है तो एक सूचना पर तुरंत पहुंचकर मदद करेंगे। काम चाहे किसी भी स्तर का हो।
लावारिस लाशों के अंतिम संस्कार का विचार उस समय मन में आया जब संगठन के एक सदस्य ने तमसा में बहती लाश को देखा और इसकी जानकारी संगठन अध्यक्ष उमेश सिंह गुड्डू को दी। उसके बाद हुई कटरा स्थित कार्यालय में बैठक के दौरान तय किया गया कि संगठन के जिम्मेदार सदस्यों का मोबाइल नंबर पोस्टमार्टम हाउस पर लिखवा दिया जाए। अब उसी नंबर पर लावारिस लाश लेकर आने वाले पुलिस कर्मी फोन करते हैं और संगठन के लोग लाश को अपनी सुपुर्दगी में लेकर राजघाट पर तमसा के किनारे दाह संस्कार कराते हैं।
इस नेक काम की शुरुआत आठ अगस्त को हुई जब गुलामी का पूरा में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को भारद के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा बरदह क्षेत्र में 11 अगस्त को मिले लावारिस शव, अतरौलिया में 12 अगस्त को मिले शव, 15 अगस्त को सदर अस्पताल में लावारिस की मौत, 20 को दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर मिले का शव का संस्कार संगठन ने किया। 31 अगस्त को को अहरौला क्षेत्र में मिली लाश, दो सितंबर को अतरौलिया क्षेत्र में मिले शव, पांच सितंबर को सदर अस्पताल में मृत व्यक्ति का अंतिम संस्कार संगठन के लोगों ने किया। इस प्रकार अब तक एक दर्जन लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार संगठन द्वारा किया जा चुका है। खास बात यह है कि संगठन द्वारा अंतिम संस्कार में खर्च होने वाली रकम किसी सरकारी संगठन से नहीं मांगी जाती। दाह संस्कार में लगभग दो हजार रुपये का खर्च आता है। इसकी व्यवस्था आम आदमी, पत्रकार व सामाजिक व्यक्तियों के सहयोग से की जाती है।

मच्छरमार दवाओं के छिड़काव के लिए प्रदर्शन

आजमगढ़। नगर सहित ग्रामीण इलाकों में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए भारत रक्षा दल ने जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र में मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव की मांग की।
इस दौरान उमेश सिंह ने कहा कि इन दिनों मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे मच्छर जनित बीमारियों से ग्रसित रोगियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। मलेरिया आदि बीमारियां पहले से थीं अब जिले में डेंगू के मरीज भी पाए जाने लगे है। इससे लोगों में भय व्याप्त है। उन्होंने कहा कि मच्छररोधी दवाओं व चूने आदि के छिड़काव के लिए अधिकारियों को कई बार प्रार्थना-पत्र दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द दवाओं का छिड़काव नहीं कराया गया तो कार्यकर्ता वृहद आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में रवि प्रकाश, लालकृष्ण दूबे, धर्मवीर शर्मा, जैनेंद्र चौहान, रणजीत सिंह आदि शामिल थे।

जनपंचायत में उठा बिजली कटौती का मुद्दा



आजमगढ़ : जिले की बदहाली सड़कें व अंधाधुंध हो रही विद्युत कटौती के विरुद्ध प्रभावकारी आंदोलन चलाने के लिए शुक्रवार को स्थानीय रिक्शा स्टैंड पर भारत रक्षा दल द्वारा जन पंचायत का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि इन दिनों जिले में विद्युत की व्यवस्था फेल हो चुकी है। बिजली कब आएगी, कब जाएगी, कितनी देर रहेगी कोई ठिकाना नहीं है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। आएदिन विभिन्न चौराहों पर बिजली, सड़क के लिए लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। पुलिस लाठियां चला रही है लेकिन जनपद का कोई नेता व मंत्री इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। अब जनता क्या करे, कैसे अपनी बात शासन तक पहुंचाए। इसी पर योजना बनाने के लिए बुलाई गई जन पंचायत में जुटे लोगों ने इन दु‌र्व्यवस्थाओं के विरुद्ध अपने-अपने विचार व्यक्त किए। जनपंचायत में प्रमुख रूप से हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव, केडी राय, शिव प्रसाद शर्मा, कपिलदेव सिंह, जयशंकर मिश्र, पीयूष कुमार, गिरजेश तिवारी, मनीष यादव आदि ने विचार व्यक्त किए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बदहाल सड़कों और विद्युत कटौती के विरुद्ध लोगों को जगाने के लिए मोहल्लेवार छोटी-छोटी बैठकें करके बड़ा आंदोलन तय करें, तब ये भ्रष्ट अधिकारी और पतित नेता सुनेंगे। संगठन द्वारा बुलाई गई जन पंचायत का समर्थन डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन व सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार करके किया। पंचायत के अंत में तय हुआ कि जनजागरण के बाद 'अधिकारी घेरो, नेता घेरो' का अभियान चलेगा। पंचायत में निशीथ रंजन तिवारी, मुकेश कुमार यादव, मोहम्मद अफजल, जैनेन्द्र चौहान, दुर्गेश श्रीवास्तव, सुरेंद्र यादव, आनंद वर्मा, राजकपूर निषाद, आरएस मौर्य, बालकृष्ण, संजय कुमार श्रीवास्तव, उमेश सिंह गुड्डू, पवन श्रीवास्तव, शंभू दयाल सोनकर, रणजीत सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार यादव, अजय विश्वकर्मा, राजन अस्थाना, राजेश अस्थाना, रामसजीवन मौर्या आदि उपस्थित थे। जनपंचायत की अध्यक्षता लालसा लाल तरंग व संचालन राजेश राय शर्मा ने किया।

बिजली कटौती व गड्ढायुक्त सड़कों पर कल होगी महापंचायत

दिनांक -20 -09 -2013 
स्थान -रिक्शा स्टैंड 

आजमगढ़ : स्थानीय जनपद हो या इसका नगर क्षेत्र यहां रोजाना होने वाली अंधाधुंध बिजली कटौती से आम और खास सभी हलकान हो चुके हैं। वहीं नगर क्षेत्र की गड्ढायुक्त सड़कें इसमें चार चांद लगाती नजर आती हैं। विकराल रूप धारण कर चुकी इन समस्याओं को लेकर आंदोलित हुए भारत रक्षा दल ने 20 सितंबर को रिक्शा स्टैंड पर महापंचायत का आयोजन किया है।

बिजली व सड़कों की भयावह बदहाली को लेकर बुधवार को भारद कार्यकर्ताओं ने नगर मुख्यालय के तमाम कार्यालयों और घरों में जाकर बुद्धिजीवियों के साथ-साथ आम जनता के साथ जनसंपर्क साधा। सभी ने भारद के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुये महापंचायत में शामिल होने की हामी भरी। लोगों ने कहा कि तीन मंत्रियों वाले जनपद में बिजली व सड़कों की ऐसी बदहाली वास्तव में हलकान कर देने के साथ ही शर्मसार कर देने वाली है। इन दो ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होनी ही चाहिए। तभी शायद कहीं व्यवस्था में सुधार हो सके। लोगों का कहना था कि वर्तमान में हालात कुछ ऐसे हैं कि घर में रहिए तो बिजली पानी मिलना मुहाल हो जाता है। इसके बाद रोजी के लिए घर से निकले तो गड्ढों में सड़क ढूंढते हुए हालत पतली हो जाती है। शहर का ऐसा कोई मार्ग नहीं है जहां सुकून से पैदल या वाहन से जाया जा सके।

उधर बिजली की हालत ऐसी है कि रोस्टिंग के बाद आंख मिचौली खेलती बिजली और उसका लो वोल्टेज सिर दर्द बढ़ा देता है। फिलहाल बुधवार को भारद के लोग जनसंपर्क के लिए दीवानी, कलेक्ट्री के अधिवक्ताओं के साथ ही अन्य संबंधित संगठनों के पास पहुंचे। जनसंपर्क के बाद दो ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा के लिए आयोजित महापंचायत में शामिल होने के लिए सभी ने समर्थन देने के साथ ही शामिल होने की बात कही। भारद नेतृत्व के मुताबिक महापंचायत में सभी के विचारों को सुनने समझने के बाद समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

राहुल सांकृत्यायन के नाम पर हो अस्पताल

राहुल सांकृत्यायन के नाम पर हो अस्पताल
चक्रपानपुर (आजमगढ़) : राहुल बहुआयामी शोध संस्थान दिल्ली शाखा कनैला व भारत रक्षा दल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को राजकीय मेडिकल कालेज व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें यह मांग की गई कि राजकीय मेडिकल कालेज एवं सुपर फेसिलिटी अस्पताल का नाम महापंडित राहुल सास्कृत्यायन के नाम पर रखा जाए, इस क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाए व जिन किसानों की भूमि को राजकीय मेडिकल कालेज के निर्माण में अधिगृहित किया गया है, उसके परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी दी जाए। हस्ताक्षर अभियान में जहां सैकड़ों लोगों ने भाग लिया वहीं इसे एक सराहनीय कदम बताया। भारद के नगर अध्यक्ष डा. राजीव पांडेय ने कहा कि राजकीय मेडिकल कालेज का नाम महापंडित के नाम पर रखने और इस क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने से यह क्षेत्र विश्व मानचित्र के नक्शे में आ जाएगा। इस मौके पर दुर्गा प्रसाद पांडेय, वीरेंद्र यादव, कृष्ण कुमार लोहा, रिंकू राजभर, संजीव चौहान, डा. दिनकर राय, राम विलास सिंह, राणा प्रताप यादव, अशोक यादव, डा. सपन मंडल आदि उपस्थित थे।

बिजली बदहाली पर भारद कार्यकर्ता आंदोलित

आजमगढ़ : भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र की खराब बिजली आपूर्ति के विरोध में सोमवार को मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसमें संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
संगठन के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद अफजल ने कहा कि नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों काफी खराब होने से आम जनमानस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में बिजली कब आएगी और कब जाएगी। इसका कोई शेड्यूल ही बिजली विभाग द्वारा निर्धारित नहीं किया गया है। इन दिनों नगर क्षेत्र में 24 घंटों में बड़ी मुश्किल से आठ या दस घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। इसके कारण लोगों को भीषण गर्मी व पेयजल आपूर्ति के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी दिनों में तमाम त्यौहार पड़ रहे हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग संवेदनशून्य बना हुआ है। विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की घोर लापरवाही के कारण आम जनता को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा दल के कार्यकर्ता जनहित में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहेंगे।
साथ ही अगर बिजली विभाग ने शेड्यूल में परिवर्तन करके व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराया तो संगठन इसके विरुद्ध एक बड़ा आंदोलन छेड़ेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में जिला महासचिव रवि प्रकाश श्रीवास्तव, राजू पण्डित, प्रवीण गौड़, डा. राजीव पाण्डेय, धर्मवीर, रणधीर सिंह, बबलू तिवारी, ज्ञानेंद्र चौहान, कमलेश तिवारी, राजकिशोर सिंह, मुकेश यादव, निशीध रंजन तिवारी, भरत शर्मा, रामआशीष विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।